कानपुर में छठी मंजिल से गिरकर कारोबारी के बेटे की मौत, आखिरी मैसेज ने बढ़ाया रहस्य
दोस्त से मिलने घर से निकला था संभव, लड़की ने दोपहर दो बजे भेजा था आखिरी संदेश 'डोंट कम', परिजनों ने लगाया धक्का देकर गिराने का आरोप
कानपुर के रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में छठी मंजिल से गिरकर कागज कारोबारी के इकलौते बेटे संभव खंडेलवाल की मौत हो गई। वह शनिवार दोपहर दोस्त से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ देर बाद परिजनों को उसके अपार्टमेंट से गिरने की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में नया मोड़ तब आया, जब सामने आया कि लड़की ने दोपहर करीब दो बजे संभव को आखिरी संदेश में ‘डोंट कम’ लिखा था। परिजनों ने संभव के शरीर पर खरोंच और रगड़ के निशान मिलने का दावा करते हुए उसके साथ मारपीट और धक्का देने का आरोप लगाया है। मोबाइल बातचीत का डाटा भी डिलीट मिला है।
वहीं, लड़की के मामा का दावा है कि बालकनी के पास दीये से फैले तेल पर पैर फिसलने के कारण संभव नीचे गिरा। पुलिस दोनों पक्षों के दावों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, तहरीर और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।




