पंजाब में भाजपा-अकाली दल गठबंधन पर फंसा पेच, सीएम की कुर्सी को लेकर बढ़ी खींचतान

सुखबीर बादल चाहते हैं मुख्यमंत्री पद, भाजपा अब छोटे भाई की भूमिका छोड़ 117 सीटों पर मजबूत दावेदारी की तैयारी में।

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच बातचीत में सीटों के बंटवारे के साथ मुख्यमंत्री पद को लेकर भी पेच फंसता नजर आ रहा है।

अकाली दल की ओर से सुखबीर सिंह बादल को मुख्यमंत्री बनाने की दावेदारी की जा रही है। वहीं, भाजपा पंजाब में छोटे भाई की भूमिका से बाहर निकलकर बड़े दल के रूप में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करना चाहती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मोगा की रैली में स्पष्ट कर चुके हैं कि भाजपा अब पंजाब में छोटे भाई की भूमिका में नहीं रहेगी।

सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन में 117 विधानसभा सीटों में से 70 अकाली दल और 47 भाजपा को देने के फॉर्मूले पर चर्चा है। हालांकि, इस पर आधिकारिक सहमति नहीं बनी है। सुखबीर बादल ने सरकार बनने पर वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह भूंदड़ को सुपर मुख्यमंत्री की भूमिका देने की बात भी कही है। ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सत्ता की हिस्सेदारी सबसे बड़ी चुनौती बन गई है।

Related Articles

Back to top button