अमेरिकी बाजार में बढ़ेगा भारतीय सामानों का दबदबा, चीन से कम लगेगा आयात शुल्क
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बनी सहमति, पीयूष गोयल ने काहिरा में दी अहम जानकारी
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते से भारतीय कारोबारियों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि समझौते के तहत भारतीय उत्पादों को चीन समेत अन्य प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क पर अमेरिकी बाजार में प्रवेश मिल सकता है। इससे अमेरिकी बाजार में भारतीय सामानों की प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है।
पीयूष गोयल ने मिस्र की राजधानी काहिरा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच इस मुद्दे पर पहले ही सहमति बन चुकी है। हालांकि, अमेरिका की बदली हुई शुल्क नीति के कारण समझौते पर बातचीत अभी जारी है।
भारत और अमेरिका ने फरवरी में व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा तैयार की थी। दोनों देश चालू वित्त वर्ष के अंत तक इसे पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। अंतिम लाभ अमेरिका की नई शुल्क व्यवस्था तय होने के बाद स्पष्ट होगा।



