गोरखपुर हादसा: आर्यवर्धन की मौत पर सपा ने मांगी सीसीटीवी फुटेज, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
अखिलेश यादव के रोड शो में जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोर की मौत, घटनास्थल के कैमरों की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक करने की मांग।
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के पीडीए रोड शो के दौरान 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत का मामला राजनीतिक तूल पकड़ रहा है। जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता ओंकार सिंह के बेटे की जान चली गई थी। हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंडी चौराहे पर सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। पार्टी का कहना है कि फुटेज सामने आने से हादसे की परिस्थितियां और जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने मामले में 66 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें जेसीबी चालक और कुछ सपा नेताओं के नाम भी शामिल हैं। फिलहाल पुलिस चालक और रोड शो आयोजकों की भूमिका की जांच कर रही है।



