चक्रवात के असर से यूपी में बदलेगा मौसम, पूर्वांचल के 7 जिलों में बारिश का अलर्ट
20 नवंबर से पुरवा हवाएं चलने के आसार, 21 और 22 नवंबर को बारिश के बाद 23 नवंबर से फिर गिर सकता है तापमान।
उत्तर प्रदेश में चक्रवात अकवान के असर से मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर से प्रदेश में हवा का रुख बदलकर पुरवा हो जाएगा। इसके बाद 21 और 22 नवंबर को पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आजमगढ़, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और गाजीपुर में बारिश के आसार जताए गए हैं। चक्रवात के प्रभाव से 20 से 22 नवंबर के बीच रात के तापमान में करीब तीन डिग्री और दिन के तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, 23 नवंबर से तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है। इससे प्रदेश में ठंड बढ़ सकती है। फिलहाल सुबह और शाम ठंड का अहसास तेज हो रहा है।



