अनंत सिंह की बेटी का तिलकोत्सव आज, होने वाले दामाद को देंगे करोड़ों की डिफेंडर!
पटना के भव्य रिसॉर्ट में जुटेंगे पांच हजार मेहमान, 25 नवंबर को पैतृक गांव में होगी शादी; विवाह समारोह के लिए बन रहे आधा दर्जन हेलीपैड
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर शादी की तैयारियां जोरों पर हैं। उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह का तिलकोत्सव शुक्रवार को पटना के दानापुर स्थित दी ऑर्गेनो रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है। समारोह में करीब पांच हजार मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। इसमें कई राजनीतिक हस्तियों, विधायकों, मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। समारोह का खास आकर्षण होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को मिलने वाली डिफेंडर गाड़ी होगी, जिसे अनंत सिंह उपहार में देंगे। ऋषिकेश ने अमेरिका की जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए किया है और वहां नौकरी कर रहे हैं। तिलकोत्सव के बाद 23 नवंबर को हल्दी और 24 नवंबर को मेहंदी-संगीत होगा। 25 नवंबर को अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवां में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। यहां बड़े पंडाल, भोजन व्यवस्था और आधा दर्जन हेलीपैड तैयार किए जा रहे हैं।




