हिंद महासागर में सुरक्षा मजबूत करेगा भारत, कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में 2026-27 का रोडमैप तैयार
मालदीव में हुई NSA स्तर की आठवीं बैठक, अजीत डोभाल समेत भारत, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
मालदीव: हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और साइबर खतरों से निपटने के लिए भारत ने क्षेत्रीय सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। मालदीव में आयोजित कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) की आठवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) स्तर की बैठक में सदस्य देशों ने वर्ष 2026-27 के लिए सहयोग का रोडमैप अपनाया।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 25 नवंबर को मालदीव के विला नौटिका पैराडाइज आइलैंड में इस उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इसमें भारत, मालदीव, श्रीलंका और बांग्लादेश के प्रतिनिधिमंडलों ने हिस्सा लिया। भारत की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शामिल हुए।
बैठक में मालदीव के NSA इब्राहिम लतीफ, श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय के सचिव एयर वाइस मार्शल संपथ थुयाकोन्था और बांग्लादेश के नेशनल डिफेंस कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल एमडी फैजुर रहमान भी मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सदस्य देशों के बीच तालमेल और सहयोग को मजबूत करना रहा। समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और साइबर खतरों जैसे अहम मुद्दों पर क्षेत्रीय साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।




