श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट की जांच अब NIA के हवाले, गृह मंत्रालय ने माना आतंकी हमला
भारत-पाक सीमा के पास 3 नवंबर को हुआ था जोरदार धमाका, रेलवे ट्रैक के स्लीपर हुए थे क्षतिग्रस्त; तीन आरोपी गिरफ्तार
श्रीगंगानगर (राजस्थान): राजस्थान के श्रीगंगानगर में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस संवेदनशील मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। गृह मंत्रालय ने घटना को आतंकी हमला माना है। अब इस पूरे मामले की जांच एनआईए करेगी।
मामला रामसिंहपुर क्षेत्र का है, जहां 3 नवंबर को अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट इतना भीषण था कि रेलवे ट्रैक के स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर जमीन में ढाई फीट से अधिक गहरा गड्ढा बन गया था। घटना के बाद रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया था।
इस मामले में जिला पुलिस ने जांच पूरी करते हुए केस फाइल तैयार कर ली है। एनआईए की टीम के पहुंचते ही केस से जुड़े दस्तावेज और गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को केंद्रीय एजेंसी के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
शुरुआत में मामले की जांच प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी कर रहे थे, लेकिन अब जांच की जिम्मेदारी एनआईए संभालेगी। भारत-पाक सीमा के करीब हुई इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और रेलवे प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।




