त्रिपुरा निकाय चुनाव में मतदान शुरू, 268 सीटों पर 733 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर
कड़ी सुरक्षा के बीच 5.56 लाख मतदाता करेंगे मतदान
अगरतला। त्रिपुरा में शुक्रवार सुबह सात बजे से निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया। राज्य के 16 शहरी निकायों की 268 सीटों पर कुल 733 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें अगरतला नगर निगम भी शामिल है, जहां 51 वार्डों में मतदान हो रहा है। इस चुनाव में करीब 5.56 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। राज्य चुनाव आयोग के सचिव अनुराग सेन के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया में करीब 4,600 मतदान कर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि 10 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। इनमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 39 कंपनियां भी शामिल हैं। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।



