परिसीमन विधेयक पर विपक्ष के बदले सुर, भाजपा को मिलेगा दो-तिहाई बहुमत?
कई विपक्षी दलों ने समर्थन के दिए संकेत
संसद सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। लोकसभा सीटों के परिसीमन और महिला आरक्षण लागू करने के प्रस्ताव पर भारतीय जनता पार्टी को विपक्ष के कुछ दलों का समर्थन मिलने की उम्मीद है। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने संकेत दिए हैं कि विधेयक संसद में पेश होने पर वह इसका समर्थन कर सकती है। हालांकि, पार्टी ने शर्त रखी है कि परिसीमन में सभी क्षेत्रों के बीच संतुलन बनाए रखा जाए। इसके अलावा द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सहित कुछ अन्य दलों के रुख में भी नरमी के संकेत मिले हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि इस बार सरकार के पास विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की बेहतर संभावना है। अब सबकी नजरें संसद में होने वाली चर्चा और विपक्षी दलों के अंतिम रुख पर टिकी हैं।



