अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रणपत्र से बदला चुनावी एजेंडा, रोजगार और सुरक्षा पर बड़ा दांव
जातीय जनगणना से महिला सुरक्षा तक कई बड़े वादे
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रणपत्र के जरिए रोजगार, सुरक्षा और सामाजिक हिस्सेदारी को चुनावी बहस का केंद्र बनाया है। इसमें पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों को राजनीतिक भागीदारी देने के साथ कई बड़े वादे किए गए हैं। समाजवादी पार्टी ने ५० करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित और पीडीए वर्ग के लिए ५० प्रतिशत आरक्षण देने, जातीय जनगणना कराने और दलित विकास परिषद बनाने का वादा किया है। युवाओं के लिए सरकारी नौकरी और बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था और पुलिस भर्ती में ३३ प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा महंगाई पर नियंत्रण, स्कूलों की फीस और अस्पतालों के खर्च सीमित करने का भी वादा किया गया है। अखिलेश ने इन घोषणाओं के जरिए भाजपा के कानून व्यवस्था संबंधी दावों को चुनौती देने की कोशिश की है।




