फिरोजपुर में 10.75 किलो हेरोइन बरामद, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पहुंची थी खेप
गुप्त सूचना पर पुलिस की खेतों में छापेमारी, तस्करी नेटवर्क और खेप मंगवाने वालों की तलाश जारी
फिरोजपुर। पंजाब के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में पुलिस ने 10 किलो 750 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, नशीले पदार्थों की यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
पुलिस को थाना आरिफ के अंतर्गत गांव जीवां भेड़ियां के पास सड़क किनारे स्थित खेतों में हेरोइन छिपाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के मुताबिक, तीन से चार दिन पहले अज्ञात लोगों ने ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से यह खेप मंगवाई थी।
इसके बाद एएसआई बलराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान खेतों से 10 किलो 750 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस अब खेप मंगवाने वालों की पहचान करने और तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।




