भारत-पाकिस्तान मुकाबले के लिए मची टिकटों की होड़, 34 हजार सीटों पर 84 लाख प्रशंसकों की नजर
2027 वनडे विश्व कप के इस महामुकाबले के लिए मिले 83 लाख से अधिक आवेदन, विश्व कप फाइनल के टिकटों की मांग भी करीब 79 लाख तक पहुंची।
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले का रोमांच एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। वर्ष 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के इस महामुकाबले के टिकटों के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अनुसार, भारत-पाकिस्तान मैच के लिए अब तक 83 लाख 97 हजार 294 टिकट आवेदन मिल चुके हैं।
यह मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को दक्षिण अफ्रीका के जोहानिसबर्ग स्थित वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां केवल 34 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता है। वहीं, विश्व कप फाइनल के लिए भी करीब 79 लाख आवेदन मिले हैं।
इस विश्व कप के लिए 193 देशों से कुल 12 करोड़ से अधिक टिकट आवेदन प्राप्त हुए हैं। टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। टिकट के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। अधिक मांग वाले मुकाबलों के टिकटों का आवंटन लॉटरी प्रक्रिया से होगा।





