महाराष्ट्र में 500 करोड़ के ऑडियो क्लिप से मचा सियासी घमासान, जरांगे ने भाजपा-शिवसेना पर लगाए गंभीर आरोप
मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने के लिए पैसे देने की कथित बातचीत का दावा, जरांगे ने न्यायिक निगरानी में जांच कराने की उठाई मांग
महाराष्ट्र में 500 करोड़ रुपये से जुड़े कथित ऑडियो क्लिप को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे ने शुक्रवार को भाजपा और शिवसेना पर सच्चाई दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि ऑडियो क्लिप असली है और इसे फर्जी साबित करने की कोशिश की जा रही है। जरांगे के मुताबिक, रिकॉर्डिंग में मराठा आरक्षण आंदोलन को कमजोर करने के लिए उन्हें शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से 500 करोड़ रुपये देने की कथित बातचीत है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल गठित किया गया है। जरांगे ने मांग की कि जांच वरिष्ठ अधिकारियों या न्यायाधीश की निगरानी में हो। उन्होंने रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की। साथ ही मराठा समाज के हितों की रक्षा के लिए ‘मराठा सेवक’ समूह बनाने का ऐलान किया।

