सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, कार-टेंपो की टक्कर में तीन की मौत, 16 घायल
नधिरा जंगल के पास आमने-सामने भिड़े वाहन, घायलों में कई बच्चे शामिल; अस्पताल में मची अफरातफरी
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के पास कार और टेंपो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हो गए। घायलों में कई बच्चे भी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, टेंपो में सवार लोग धरतीडांड़ से विजयादशमी का मेला देखने किरबिल जा रहे थे। इसी दौरान नधिरा जंगल के पास मोड़ पर सामने से आ रही कार से टेंपो की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़ और ओडिशा की ओर जा रही थी।
सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सुनील गुप्ता को जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अन्य मृतकों में 12 वर्षीय अंकुश और 23 वर्षीय राजकुमारी शामिल हैं।
हादसे के बाद अस्पतालों में अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू करने की जानकारी दी है।

