नेपाल में भारी बर्फबारी के बीच छह भारतीय पर्यटक लापता, सेना ने शुरू किया बचाव अभियान
शे-फोक्सुंडो झील की ट्रेकिंग पर निकले थे छह पर्यटक, दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल; खराब मौसम और मोबाइल नेटवर्क न होने से बढ़ी मुश्किलें
हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के बीच छह भारतीय पर्यटक लापता हो गए हैं। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। सभी पर्यटक नेपाल की प्रसिद्ध शे-फोक्सुंडो झील की ट्रेकिंग पर निकले थे। बताया जा रहा है कि खराब मौसम के कारण लौटते समय वे पहाड़ी रास्तों में फंस गए।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, पर्यटकों को पहले ही खराब मौसम और खतरनाक पहाड़ी रास्तों को लेकर चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने अपनी यात्रा जारी रखी। लापता पर्यटकों की तलाश के लिए नेपाली सेना और स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
भारी बर्फबारी, दुर्गम पहाड़ी रास्तों और मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की व्यवस्था के लिए भी अनुरोध किया है। फिलहाल सभी छह पर्यटकों से संपर्क नहीं हो पाया है।





