मासूम बच्चे की मौत पर अखिलेश पर बरसे सीएम योगी, बोले- उस निर्दोष का क्या कसूर था?
बिना नाम लिए सपा प्रमुख पर साधा निशाना, कहा- घटना पर संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया; उपद्रवियों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी।
गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से हुई 12-13 वर्षीय बच्चे की मौत का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि झंगहा से पढ़ाई के लिए आए उस मासूम बच्चे का आखिर क्या कसूर था? उन्होंने आरोप लगाया कि इस दुखद घटना पर संवेदना का एक शब्द तक नहीं जताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन को सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि माफियागिरी करने वालों को मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। योगी ने सपा पर गुंडागर्दी, अराजकता और दंगों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मिलने जाने की बात कही।




