हुगली के प्रभाष नगर में कारखाने में भीषण आग, आसपास के अपार्टमेंटों में मची अफरातफरी
गुरुवार देर रात हुई घटना के बाद मौके पर पहुंचीं दमकल की कई टीमें, आग बुझाने में जुटे दमकलकर्मी और स्थानीय लोग; निवासियों में दहशत का माहौल।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के प्रभाष नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक कारखाने में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरातफरी फैल गई। कारखाने के नजदीक कई अपार्टमेंट स्थित होने के कारण स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू कर दिया। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने के प्रयास में जुटे रहे। वहीं, स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग करते नजर आए।
स्थानीय निवासी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि कारखाने में आग लगने की घटना के बाद इलाके के लोगों में काफी डर फैल गया। आसपास अपार्टमेंट होने के कारण लोग चिंतित हो गए थे। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
खबर लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था। फिलहाल आग लगने के कारणों और संभावित नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच चिंता बनी हुई है।




