भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 2.294 अरब डॉलर बढ़ा, RBI ने बताया- 698.95 अरब डॉलर पहुंचा आंकड़ा

भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 13 जून को समाप्त सप्ताह के दौरान 2.294 अरब डॉलर बढ़कर 698.95 अरब डॉलर हो गया। आरबीआई ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पहले 6 जून को सप्ताह में इसमें बढ़त दर्ज की गई थी। यह 5.17 अरब डॉलर बढ़कर 696.65 अरब डॉलर हो गया था। विदेशी मुद्रा भंडार ने सितंबर 2024 के अंत में 704.885 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर को छूया था।

विदेशी मुद्रा आस्तियों में हुई 1.7 अरब डॉलर की बढ़ोतरी
शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 13 जून को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा आस्तियां 1.739 अरब डॉलर बढ़कर 589.426 अरब डॉलर पर पहुंच गईं। विदेशी मुद्रा आस्तियों में डॉलर के मुकाबले यूरो, पाउंड और येन जैसी अन्य मुद्राओं के उतार-चढ़ाव का भी असर शामिल होता है।

स्वर्ण भंडार 428 मिलियन डॉलर बढ़ा
भारतीय रिजर्व बैंक ने कहा कि इस अवधि में स्वर्ण भंडार में भी उछाल आया है। सोना 428 मिलियन डॉलर बढ़कर 86.316 अरब डॉलर हो गया। केंद्रीय बैंक ने कहा कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स (एसडीआर) भी 85 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.756 अरब डॉलर हो गया। इसके अलावा, इस सप्ताह के दौरान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत की आरक्षित स्थिति भी 43 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.452 बिलियन डॉलर हो गई।

Related Articles

Back to top button