‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, 200 करोड़ पार
रणवीर सिंह की फिल्म ने दो दिन में ही रचा इतिहास, वर्ल्डवाइड कलेक्शन में मारी बाजी

नई दिल्ली। बॉलीवुड स्टार Ranveer Singh की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर सुनामी बनकर उभरी है। फिल्म ने रिलीज के महज दो दिनों के भीतर ही 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और रिकॉर्डतोड़ कमाई के साथ नए बेंचमार्क स्थापित कर दिए हैं।
Aditya Dhar के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। पेड प्रीव्यू शोज से ही फिल्म ने 43 करोड़ रुपये की शानदार शुरुआत की। इसके बाद पहले दिन 102.55 करोड़ और दूसरे दिन 80.72 करोड़ की कमाई करते हुए फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 226.27 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
भाषाई स्तर पर भी फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा है। हिंदी वर्जन ने सबसे ज्यादा 78.94 करोड़ का कलेक्शन किया, जबकि तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ वर्जन ने भी योगदान दिया।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ ने महज दो दिनों में करीब 370 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। इस आंकड़े के साथ फिल्म ने Adipurush और War 2 जैसी बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।
फिल्म की सफलता ने Ranveer Singh के करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। जहां कई फिल्में 100 करोड़ तक पहुंचने में समय लेती हैं, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने 48 घंटों में ही यह मुकाम पार कर लिया।
फिल्म में R. Madhavan, Arjun Rampal, Sanjay Dutt और Rakesh Bedi जैसे सितारे भी नजर आ रहे हैं।
19 मार्च को रिलीज हुई यह फिल्म अपने पहले पार्ट की सफलता को भी पीछे छोड़ती नजर आ रही है और बॉक्स ऑफिस पर लंबे समय तक राज करने के संकेत दे रही है।



