तमिलनाडु में सरकार गठन का सस्पेंस खत्म? राज्यपाल ने विजय को बुलाया, TVK सरकार का रास्ता साफ

VCK और IUML के समर्थन से बहुमत के करीब पहुंचे विजय, शाम 6:30 बजे राज्यपाल से अहम मुलाकात

तमिलनाडु में कई दिनों से चल रहा सरकार गठन का सियासी ड्रामा अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। TVK प्रमुख विजय को आखिरकार राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने मुलाकात का समय दे दिया है। राजभवन में शाम 6:30 बजे होने वाली यह बैठक राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, VCK और IUML के समर्थन के बाद विजय के पास अब करीब 120 विधायकों का समर्थन पहुंच चुका है। इसी के साथ TVK सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। इससे पहले बहुमत के आंकड़े और समर्थन पत्रों को लेकर लगातार सस्पेंस बना हुआ था।

दिनभर तमिलनाडु की राजनीति में जोरदार हलचल देखने को मिली। पहले खबर आई कि राज्यपाल ने विजय को समय नहीं दिया है, लेकिन कुछ ही देर बाद राजभवन से मुलाकात का समय तय होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद TVK कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह बढ़ गया।

इस बीच VCK ने बिना शर्त TVK को समर्थन देने का ऐलान किया, जबकि IUML ने भी समर्थन पत्र सौंप दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन दोनों दलों के समर्थन ने विजय की सरकार गठन की राह आसान कर दी है।

हालांकि सरकार गठन के बीच विवाद भी कम नहीं रहे। टीटीवी दिनाकरन ने TVK पर फर्जी समर्थन पत्र दिखाने का आरोप लगाया। वहीं एक याचिका के जरिए मामला सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया, जिसमें राज्यपाल की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं।

उधर AIADMK और BJP भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। AIADMK प्रमुख ई पलानीस्वामी के बयान और लगातार हो रही बैठकों ने राजनीतिक अटकलों को और तेज कर दिया है।

अगर आज की बैठक में सब कुछ तय हो जाता है, तो चेन्नई में जल्द ही विजय सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हो सकता है। माना जा रहा है कि यह तमिलनाडु की राजनीति में एक बड़े बदलाव की शुरुआत होगी, जहां फिल्मी दुनिया से निकला एक चेहरा सीधे सत्ता के शीर्ष तक पहुंच सकता है।

Related Articles

Back to top button