वनडे के 5000 मैच पूरे

55 साल में बदला खेल का अंदाज, सचिन, अकरम, वास, रोहित और कोहली ने बनाए कई बड़े रिकॉर्ड

पुरुष अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट ने 5000 मैच पूरे कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। शुक्रवार को स्कॉटलैंड और कनाडा के बीच मुकाबले के साथ वनडे क्रिकेट इस खास आंकड़े तक पहुंचा। जनवरी 1971 में शुरू हुए इस प्रारूप ने 55 वर्षों के सफर में कई बड़े बदलाव देखे हैं। कभी इसे टेस्ट क्रिकेट के मुकाबले तेज और रोमांचक प्रारूप के तौर पर देखा गया, तो कई मौकों पर इसके भविष्य को लेकर सवाल भी उठे।

वनडे क्रिकेट के शुरुआती दौर में मैच 60 ओवर के होते थे, लेकिन बाद में इसे 50 ओवर का कर दिया गया। समय के साथ पावरप्ले, फील्डिंग प्रतिबंध और तकनीक के इस्तेमाल ने खेल के अंदाज को काफी बदल दिया। आज बल्लेबाज तेजी से रन बनाने और गेंदबाज विकेट लेने के साथ रणनीति पर भी विशेष ध्यान देते हैं।

रिकॉर्ड की बात करें तो भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर का नाम वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन और शतकों के कारण खास है। गेंदबाजी में पाकिस्तान के वसीम अकरम और श्रीलंका के चामिंडा वास जैसे खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई। वहीं आधुनिक दौर में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने बल्लेबाजी के कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। एमएस धोनी की कप्तानी और विकेटकीपिंग भी वनडे इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।

टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत 1877 में हुई थी, जबकि टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट 2005 में शुरू हुआ। इसके बावजूद वनडे ने दोनों प्रारूपों के बीच अपनी खास जगह बनाए रखी है। 5000 मैच पूरे होना इसकी लोकप्रियता और लंबे सफर का प्रमाण है।

Related Articles

Back to top button