थप्पड़ कांड के बाद अखिलेश यादव का बड़ा एक्शन, गोरखपुर में सपा की पूरी जिला और महानगर इकाई भंग

प्रेस वार्ता में दो नेताओं के बीच विवाद और हाथापाई के बाद संगठन में बड़ा फेरबदल, सभी पदाधिकारी तत्काल प्रभाव से हटाए गए

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए जिला और महानगर इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इस फैसले के तहत जिला अध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष समेत दोनों इकाइयों की पूरी कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। इसके साथ ही फ्रंटल संगठनों और विभिन्न प्रदेश कार्यकारिणियों में गोरखपुर से जुड़े पदाधिकारियों को भी पदमुक्त कर दिया गया है।
पार्टी के इस फैसले को एक दिन पहले प्रेस वार्ता के दौरान दो सपा नेताओं के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रेस वार्ता के दौरान दोनों नेताओं के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई थी। इस घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर अनुशासन और संगठनात्मक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे थे।
विवाद के बाद अखिलेश यादव की ओर से की गई इस कार्रवाई को गोरखपुर में पार्टी संगठन को नए सिरे से व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। जिला और महानगर इकाई के साथ अन्य संगठनों के पदाधिकारियों को हटाए जाने से स्थानीय स्तर पर पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों में बदलाव होना तय है।
हालांकि, नई कार्यकारिणी के गठन और नए पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व गोरखपुर में संगठन की जिम्मेदारी किन नए चेहरों को सौंपता है। इस फैसले से स्थानीय नेताओं के बीच भी राजनीतिक हलचल तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button