रेलवे ने ग्रुप टिकट बुकिंग के नियम बदले, शादी-तीर्थयात्रा और स्कूल टूर के लिए अब आसान होगा आरक्षण
समूह में यात्रा करने वालों को राहत, अधिकृत रेलवे अधिकारियों से मिलेगी मंजूरी; सुबह 9 बजे से स्वीकार होंगे आवेदन।
रेलवे ने शादी समारोह, तीर्थयात्रा, स्कूल-कॉलेज टूर और अन्य सामूहिक आयोजनों के लिए समूह टिकट बुकिंग की प्रक्रिया आसान कर दी है। नए नियमों के तहत ग्रुप रिजर्वेशन के आवेदन प्रमुख आरक्षण केंद्रों पर सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे। यह समय सामान्य अग्रिम आरक्षण शुरू होने के एक घंटे बाद निर्धारित किया गया है।
दक्षिण पश्चिम रेलवे ने इस संबंध में नया वाणिज्यिक परिपत्र जारी किया है। अब मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक और स्टेशन प्रबंधक बिना निर्धारित सीट सीमा के समूह बुकिंग को मंजूरी दे सकेंगे। यह सुविधा कन्फर्म, आरएसी और प्रतीक्षा सूची वाले टिकटों पर भी लागू होगी।
वापसी यात्रा के लिए भी समूह आरक्षण कराया जा सकेगा, लेकिन उसके लिए अलग आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। प्रत्येक स्वीकृत बुकिंग का रिकॉर्ड रखा जाएगा और आवेदन व यात्रियों की सूची पर अधिकारी की मुहर तथा हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि सुविधा का इस्तेमाल वास्तविक जरूरतों के लिए होगा और टिकटों की कालाबाजारी पर सख्ती की जाएगी। फिलहाल ये नियम दक्षिण पश्चिम रेलवे में लागू हैं।




