खाटू श्याम से लौटते समय भीषण हादसा, एक झपकी ने उजाड़ दिया परिवार; 9 की मौत
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में कोटा-उदयपुर हाईवे पर खड़े ट्रेलर में घुसी क्रूजर, महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। हादसा कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास हुआ, जहां खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं की क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई लोग अंदर फंस गए। सभी मृतक महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। परिवार चार अलग-अलग वाहनों में कुल 36 लोग यात्रा कर रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक को नींद की झपकी आने से गाड़ी अनियंत्रित हुई और हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

