पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी को जल्द सुनवाई के आधार पर नहीं मिलेगी जमानत: सुप्रीम कोर्ट

हत्या के आरोपी की जमानत रद्द, हाईकोर्ट के आदेश को पलटकर एक सप्ताह में आत्मसमर्पण करने का दिया निर्देश

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले आरोपी को केवल मुकदमे की जल्द सुनवाई न होने के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने हत्या के एक मामले में आरोपी को मिली जमानत रद्द करते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का आदेश पलट दिया।

अदालत ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जल्द सुनवाई का अधिकार महत्वपूर्ण है, लेकिन गंभीर अपराधों में आरोपी के अधिकारों के साथ पीड़ित और उसके परिवार के हितों का भी ध्यान रखना जरूरी है।

सुनवाई के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपना पुराना आपराधिक रिकॉर्ड छिपाकर जमानत हासिल की थी। उसे पहले इसी मृतक की हत्या के प्रयास के मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। मौजूदा हत्या की वारदात भी तब हुई, जब वह पहले मामले में जमानत पर था।

सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button