भरतपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, सरकारी शिक्षक की जांघ में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

अलवर जिले के बहतुकलां थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सरकारी शिक्षक पर जानलेवा हमला हुआ। बाइक से घर लौट रहे शिक्षक पर दो बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे उनकी जांघ में गोली लग गई। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल शिक्षक को तुरंत कठूमर अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें अलवर के निजी अस्पताल रेफर किया गया।
पुरानी रंजिश में हमला करने की आशंका
घायल की पहचान प्रेम गोपाल शर्मा (35) के रूप में हुई है, जो भनोखर स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक हैं और खेडा लग्न गांव के निवासी हैं। परिजनों ने बताया कि उनका गांव के ही मुकेश मीणा से पुराना विवाद चल रहा था। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसी रंजिश को हमले की वजह मान रही है।
पुलिस ने की नाकाबंदी, आरोपियों की तलाश जारी
फायरिंग की सूचना पर बहतुकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। एडीशनल एसपी शरण कांबले ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी कर जांच तेज कर दी गई है।




