बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर पहाड़ी पर क्रैश, पायलट समेत छह लोग लापता
जोशीमठ के मारवाड़ी पुल के पास हुआ हादसा, खराब मौसम के बीच पुलिस, सेना और एसडीआरएफ ने शुरू किया तलाश एवं बचाव अभियान
जोशीमठ। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बदरीनाथ धाम से लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा जोशीमठ के पास मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी पर हुआ। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें बचाव अभियान के लिए रवाना हो गईं। खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर की तलाश में ड्रोन की मदद ली जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, हेलीकॉप्टर की संभावित स्थिति छई गांव के ऊपर सेना शिविर के पास मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घटना पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा है। फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।




