दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का खतरनाक स्तर, कई शहरों में एक्यूआई 400 पार, सांस लेना हुआ मुश्किल

नौरोजी नगर में 416 और इंडिया गेट पर 399 दर्ज हुआ एक्यूआई, गाजियाबाद में 692 तक पहुंचा प्रदूषण, नोएडा में 20 नवंबर तक निर्माण कार्यों पर रोक

दिल्ली-एनसीआर में दिवाली से पहले ही प्रदूषण ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी की हवा बेहद खराब स्थिति में पहुंच गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, इंडिया गेट के आसपास वायु गुणवत्ता सूचकांक 399 दर्ज किया गया, जबकि नौरोजी नगर में यह 416 तक पहुंच गया। वहीं, आनंद विहार में 296 और अक्षरधाम के आसपास 293 एक्यूआई दर्ज हुआ।

एनसीआर के अन्य शहरों में भी हालात चिंताजनक हैं। नोएडा में एक्यूआई 330 और ग्रेटर नोएडा में 309 दर्ज किया गया। वहीं, जारी आंकड़ों के मुताबिक गाजियाबाद में 692, फरीदाबाद में 667 और गुरुग्राम में 512 एक्यूआई दर्ज हुआ।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए नोएडा में पांच से 20 नवंबर तक निर्माण और तोड़फोड़ के कार्यों पर रोक लगा दी गई है। रेलवे, मेट्रो, अस्पताल और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को छूट दी गई है। हवा की धीमी गति और बढ़ती नमी के कारण प्रदूषक कण वातावरण में जमा हो रहे हैं, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है।

Related Articles

Back to top button