हरिद्वार में बड़ा हादसा, गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की मौत

जटवाड़ा पुल के पास नहाते समय हुआ हादसा, जल पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड के हरिद्वार में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाते समय चंडीगढ़ के चार कांवड़ यात्री डूब गए। सूचना मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी देर की तलाश के बाद चारों युवकों को गंगनहर से बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, चारों युवक कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पहुंचे थे। स्नान करते समय वे गहरे पानी में चले गए, जिससे यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही गोताखोरों ने गंगनहर में व्यापक खोज अभियान चलाया। रेस्क्यू टीम ने लगातार प्रयास के बाद सभी को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने के बीच प्रशासन लगातार सतर्कता बरतने और गहरे पानी में न उतरने की अपील कर रहा है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button