योगी ने सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए रामनगरी के बदलते स्वरूप और विकास कार्यों का भी जिक्र किया।

अयोध्या में स्वामी परमहंस रामचंद्र दास महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। दिगंबर अखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग चंदा चोरी का आरोप लगाकर अयोध्या और सनातन पर सवाल उठाने की कोशिश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में सपा-कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जो लोग बाबरी से जुड़े विचारों के समर्थक हैं, वे बजरंग बली के भक्त नहीं हो सकते। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कालनेमि का भी उल्लेख किया और कहा कि बजरंग बली ऐसे लोगों को पहचान लेते हैं।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन और अयोध्या को बदनाम करने की कोशिशों से लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने अपने संबोधन में अयोध्या के पुराने स्वरूप और मौजूदा विकास की तुलना भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। राम की पैड़ी और सरयू के घाटों की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब अयोध्या का स्वरूप काफी बदल चुका है।

उन्होंने कहा कि आज की अयोध्या श्रद्धालुओं को त्रेता युग की स्मृति कराती है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, विकास कार्यों के बाद अब अयोध्या वास्तव में अपने धार्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप के अनुरूप दिखाई देने लगी है।

Related Articles

Back to top button