त्रिपुरा में तस्करों का बीएसएफ जवानों पर हमला, तीन गंभीर रूप से घायल; हथियार छीनने की कोशिश
बॉक्सानगर के आशाबाड़ी सीमा क्षेत्र में हुई वारदात, सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़; मुख्यमंत्री माणिक साहा ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
त्रिपुरा के बॉक्सानगर में कथित तस्करों के समूह ने सीमा सुरक्षा बल के जवानों पर हमला कर दिया। सोमवार सुबह आशाबाड़ी सीमा क्षेत्र में हुई इस घटना में तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने जवानों की सर्विस राइफल छीनने का प्रयास किया और सरकारी वाहन में भी तोड़फोड़ की।
जानकारी के मुताबिक, सीमा पर अवैध सामान की तस्करी रोकने के दौरान जवानों ने कुछ संदिग्धों का पीछा किया था। इसी बीच कथित तस्करों के समूह ने जवानों पर हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त जवान मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।
पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने घटनास्थल के आसपास लगे निगरानी कैमरों की तस्वीरें जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने हमले की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

